Tuesday, September 22, 2020

औरंगाबाद में 15 लाख का इनामी नक्सली गिरफ्तार, बिहार-झारखंड में 18 बड़ी वारदातों में रहा शामिल...

बिहार/झारखंड: सीआरपीएफ के सर्च ऑपरेशन के दौरान सोमवार को गया जिले की सीमा पर आमस थाने के जंगलों में सर्च अभियान के दौरान 15 लाख रुपये के इनामी नक्सली राहुल विकास को पकड़ा गया है। कुख्यात नक्सली गया जिले के आंती थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव का निवासी है। बिहार और झारखंड में 18 बड़ी घटनाओं में शामिल होने के कारण झारखंड सरकार ने उसपर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है।

नक्सली संगठन से 30 साल पुराना नाता

_गया जिले के मूल निवासी राहुल विकास का नक्सली संगठन से 30 साल पुराना नाता है। वह झारखंड क्षेत्र में नक्सली संगठन के लिए कार्य कर रहा था। सीआरपीएफ के डीआइजी संजय कुमार ने बताया कि वह नक्सली मगध जोन का कमांडर और माओवादी संगठन में रीजनल कमेटी का सदस्य है।_

पचरूखिया जंगल में नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में रहा शामिल

_राहुल 2019 में सुरक्षाबलों के साथ पचरूखिया जंगल में नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में शामिल रहा है। मुठभेड़ में कोबरा बटालियन के उपनिरीक्षक रौशन कुमार शहीद हुए थे। 2016 में कोबरा के साथ लुटुआ के जंगल में नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ जिसमें नक्सली सब जोनल कमांडर अनिल मारा गया था, 2016 में ही कोबरा के साथ देव थाना क्षेत्र के सतनदीया नाला के पास जंगल में हुई मुठभेड़, जिसमें तीन नक्सली मारे गये थे, 2016 में गया के डुमरीनाला जंगल में कोबरा के साथ मुठभेड़ एवं आइइडी ब्लास्ट जिसमें कोबरा के 10 जवान शहीद हुए थे, घटनाओं के अलावा अन्य कई नक्सली कांड में वह शामिल रहा है। उससे पूछताछ की जा रही है। नक्सलियों के स्थापना दिवस के मद्देनजर गया जिले में छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। नक्सली स्थापना दिवस अथवा शहादत दिवस पर नक्सली घटना को अंजाम देते हैं। एसपी सुधीर कुमार पोरिका ने बताया कि सभी थानों एवं सीआरपीएफ, एसएसबी व एसटीएफ कैंप को अलर्ट किया गया है।

No comments:

Post a Comment

जमशेदपुर: जुगसलाई नगर परिषद चुनाव में वार्ड संख्या 17 से मदन मोहन मिश्रा का जनसंपर्क अभियान तेज, क्षेत्र में दिखा उत्साह

जमशेदपुर: जुगसलाई नगर परिषद चुनाव को लेकर वार्ड संख्या 17 से चुनाव मैदान में उतरे मदन मोहन मिश्रा ने नामांकन के पश्च...